गाजीपुर। थाना गहमर क्षेत्र के खेलूराय पट्टी, गहमर में 24/25 दिसंबर की मध्य रात्रि पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में हुई भीषण मारपीट में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान विक्की सिंह तथा सौरभ सिंह के रूप में हुई है। घटना के दौरान उनके साथ मौजूद एक अन्य युवक के लापता होने की सूचना है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।सूचना पाकर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा घटना के सभी बिंदुओं पर गहन जांच शुरू कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है।घटना की जानकारी मिलते ही वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण और गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने स्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी, साथ ही फरार युवक की तलाश प्राथमिकता पर की जा रही है।



