

1.लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हुए चोर
2.मुस्तफाचक पाहीपर गांव में एक ही रात तीन घरों में चोरी
3.आलमारी तोड़कर जेवर और रुपये समेट ले गए बदमाश
4.चोरी की वारदात से गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
सैदपुर। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीती रात चोरों ने मुस्तफाचक पाहीपर गांव में तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है।जानकारी के अनुसार रात के समय जब सभी लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी चोरों ने मोतीलाल यादव, नरेंद्र यादव और राकेश यादव के घर में पीछे के रास्ते से प्रवेश किया। चोरों ने कमरों में रखी आलमारियों और बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा देख उनके होश उड़ गए।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पीड़ितों के अनुसार चोर लाखों रुपये मूल्य के गहने और नकदी लेकर फरार हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।



