सैदपुर (गाजीपुर)। विधानसभा क्षेत्र 374 सैदपुर के विधायक अंकित भारती द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता सम्मेलन में अपने चार वर्षों के कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की उपलब्धियां जनता के सामने रखी गईं। कार्यक्रम में सेक्टर प्रभारी, बूथ प्रभारी तथा समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।अपने संबोधन में विधायक अंकित भारती ने कहा कि पिछले चार वर्षों में क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, नाली, पुल, प्रकाश व्यवस्था, धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण सहित अनेक कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई, विभिन्न स्थानों पर ओपन जिम स्थापित किए गए तथा अंबेडकर पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थलों का विकास कराया गया। इसके अलावा कई नई सड़कों का निर्माण, पुराने मार्गों की मरम्मत और हाईमास्ट लाइटों की स्थापना भी कराई गई है।विधायक ने स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रयासों का भी उल्लेख करते हुए बताया कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को आर्थिक सहायता दिलाने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए आगामी समय में संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलन के दौरान विकास कार्यों की पुस्तिका भी वितरित की गई और क्षेत्र की भावी योजनाओं पर चर्चा की गई।



