वाराणसी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या देवी मंगलवार को अपने परिजनों के साथ वाराणसी के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान व मंत्रोच्चार के साथ बाबा मार्कण्डेय महादेव का दर्शन-पूजन और दुग्धाभिषेक किया। मंदिर-प्रांगण की आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अनुभव करते हुए उन्होंने इसे अत्यंत पावन स्थल बताया। इसके बाद गंगा और गोमती नदी के संगम स्थल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने मां गंगा और मां गोमती की पूजा-अर्चना की। उन्होंने संगम में श्रद्धापूर्वक जल अर्पण कर देश और प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान कौशल्या देवी ने वाराणसी में हो रहे व्यापक विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी का काया-कल्प हो रहा है। घाटों का सौंदर्यीकरण, सड़कें, स्वच्छता और धार्मिक स्थलों का विकास उल्लेखनीय है। सिधौना के प्रसिद्ध चिरई यादव छेना वाले की लस्सी का स्वाद भी सभी ने चखा। इस दौरान विशाल यादव,अनिमेष मिश्रा,चंद्रिका यादव,लोढू यादव,राहुल यादव,छोटू यादव,सुनीत यादव,अंकित यादव,अखिलेश यादव,सत्यम गिरी,पंकज गिरी,एसडीएम,चौकी प्रभारी कैथी आदि मौजूद रहे।