बिजली-पानी, स्वास्थ्य व शिक्षा सुधार की उठी मांग
छोटे दुकानदारों व मछुआ समुदाय को राहत देने की मांग
इंडोर स्टेडियम, लाइब्रेरी व नगर विस्तार पर जोर


सैदपुर। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विधायक अंकित भारती द्वारा संबंधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी रामेश्वर सुधाकर को सौंपा गया। ज्ञापन में नगर क्षेत्र के समस्त वार्डों के नागरिकों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की मांग की गई है। प्रमुख रूप से तहसील परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना, तहसील परिसर में वकीलों के बैठने के स्थानों की सुरक्षा हेतु फेंसिंग, नगर पंचायत व थाना परिसर को दलाल व भ्रष्टाचार मुक्त करने की मांग की गई।इसके साथ ही नागरिकों को बंदरों के आतंक से मुक्त कराने, गंगा नदी किनारे स्थित घाटों, मंदिरों व शहीद स्थलों के विकास व सौंदर्यीकरण, गंगा तटबंध की मरम्मत, रैन बसेरा एवं वृद्धाश्रम निर्माण, सभी वार्डों को राशनयुक्त व गड्ढामुक्त करने, नियमित सफाई, सड़कों की मरम्मत तथा मजदूरों को न्यूनतम वेतन दिलाने जैसी मांगें शामिल हैं ज्ञापन के माध्यम से नगर क्षेत्र में बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई है। विधायक ने जर्जर तारों व खंभों की मरम्मत, नए विद्युतीकरण और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, नियमित कूड़ा निस्तारण एवं सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।साथ ही पर्याप्त पानी टंकियों का निर्माण, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, सीवर व नाली व्यवस्था, शौचालय व स्नानघर निर्माण, मछुआ समुदाय के लिए सुरक्षित संसाधन व बिक्री स्थल उपलब्ध कराने की मांग की गई। छोटे दुकानदारों को टैक्स व उत्पीड़न से राहत, अस्पतालों में डॉक्टर व दवाओं की व्यवस्था, रेलवे क्रॉसिंग जाम-मुक्त करने, वृक्षारोपण, स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, इंडोर स्टेडियम व लाइब्रेरी निर्माण तथा आसपास के गांवों को नगर पंचायत में शामिल कर विकास कराने की मांग प्रमुख रही।



