भांवरकोल। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बढ़नपुरा के पास शुक्रवार को एक ट्रक की चपेट में आने से ग्राम पंचायत सुखडेहरा के राजस्व ग्राम किशुनपुरा निवासी निठाली राम (75) गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार निठाली राम पैदल ही फखनपुरा जा रहे थे। इसी दौरान पश्चिम से पूरब की ओर जा रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनका दाहिने पैर का हिस्सा बुरी तरह जख्मी हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मच्छटी चौकी इंचार्ज श्याम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्ध को तत्काल जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और सड़क पार करते समय सतर्क रहने की अपील की है।



