गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार पाण्डेय के सहयोग से जनपद में नवनिर्मित ‘पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी सेल’ का उद्घाटन किया। इस सेल की स्थापना का उद्देश्य पोस्टमार्टम प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दहेज मृत्यु, पुलिस हिरासत में मृत्यु तथा संदिग्ध मामलों में पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित की जाएगी, जिससे जांच और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।सेल को अत्याधुनिक कंप्यूटर सिस्टम और आधुनिक वीडियोग्राफी उपकरणों से सुसज्जित किया गया है, जिससे रिकॉर्ड का डिजिटल संरक्षण सुनिश्चित हो सके। उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक ने सेल का निरीक्षण कर तैनात कर्मियों को तकनीकी दक्षता के साथ कार्य करने तथा गोपनीयता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, क्षेत्राधिकारी (लाइन/नगर) सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



