गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर गांव में बुधवार देर शाम 48 वर्षीय महेन्द्र यादव की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई जयप्रकाश यादव की तहरीर पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बताया गया कि महेन्द्र यादव ट्यूबवेल पर काम करते थे और रात में साइकिल से घर खाना लेने जा रहे थे। रास्ते में उन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया। देर रात खोजबीन के दौरान उनका शव सड़क किनारे साइकिल के पास मिला। मौके पर सैदपुर सीओ रामकृष्ण तिवारी और पुलिस टीम ने छानबीन की। घटना से मृतक की पत्नी मंजू देवी, तीनों बच्चे और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।



